|
एसपी राजेश व्यास ने गंभीरता से सुनीं समस्याएं, थाना प्रभारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश नीमच। पुलिस कन्ट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने शिविर में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन द्वारा जोन के सभी जिलों में प्रत्येक मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं जन शिकायतों का अधिक से अधिक निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के पालन में 15 सितंबर 2026 को नीमच में यह शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 14 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर शिकायतें बंद करवाई गईं। वहीं जिला स्तरीय जनसुनवाई में करीब 59 फरियादी एसपी श्री राजेश व्यास के समक्ष पहुंचे और अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी श्री व्यास ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आईं। थाना स्तर पर भी लगेंगे शिकायत निवारण शिविर पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों का समय पर एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने पर भी जोर दिया। शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुश्री दिव्या चन्द्रवंशी, समस्त थाना प्रभारी/प्रभारी इंचार्ज, संबंधित शाखा प्रभारी सहित बड़ी संख्या में फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे। |