|
नीमच। शहर के विकास को लेकर नगर पालिका परिषद की पीआईसी बैठक में मंगलवार को बड़ा फैसला हुआ। नपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में एजेंडे में शामिल सभी 60 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही 15 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का रास्ता साफ हो गया है। इस फैसले के बाद नीमच सिटी, छावनी और बघाना क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से लंबित कार्यों के धरातल पर उतरने का रास्ता खुल गया है। सड़क से लेकर बगीचों तक—हर तरफ विकास की तैयारी स्वीकृत प्रस्तावों में सड़कों का चौड़ीकरण, डामरीकरण, सीसी रोड, नाला निर्माण, बगीचों का सौंदर्यीकरण, शौचालय निर्माण, पेवर ब्लॉक, हाईमास्ट, ऑक्टागोनल पोल और बाउंड्रीवॉल सहित कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। नपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि सभी 60 प्रस्तावों के पारित होने से शहर के अधिकांश वार्डों को विकास की सौगात मिलेगी। जिन क्षेत्रों में विकास कार्य लंबित थे, उन्हें पूरा कराकर शहर के समग्र और संतुलित विकास को गति दी जाएगी। 60 प्रस्तावों पर एकमत—विकास को मिली हरी झंडी बैठक में पीआईसी सदस्यों ने सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति की मुहर लगाई। बैठक में श्रीमती वंदना खंडेलवाल, श्री दारासिंह यादव, श्रीमती छाया वीरेंद्र जायसवाल, श्री मनोहर मोटवानी, श्री नीरज अहीर एवं श्रीमती कुसुम अशोक जोशी सहित कार्यालय अधीक्षक श्री कन्हैयालाल शर्मा, नगर पालिका के इंजीनियर एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। |