रतलाम, बाजना । बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की शासकीय भूमि को लेकर हुए खूनी विवाद में 17 वर्षीय युवक लक्ष्मण पिता बहादुर मचार की हत्या के मामले में रतलाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2026 को ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की शासकीय भूमि को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें लक्ष्मण पिता बहादुर मचार (17 वर्ष) पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक के पिता बहादुर पिता देवा मचार की रिपोर्ट पर थाना बाजना में अपराध क्रमांक 449/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 191(2), 191(3) एवं 296(बी) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं सैलाना एसडीओपी श्रीमती नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बाजना निरीक्षक रविन्द्र दंडोतिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर मुख्य आरोपी रमेश पिता रावजी मचार (32 वर्ष) सहित ज्योतिलाल उर्फ जोतिया पिता मोहन मचार (19 वर्ष), विकास पिता दारजी मचार (23 वर्ष), राजू पिता गौतम मचार (22 वर्ष) तथा मोहन पिता वेस्ता मचार (52 वर्ष) सभी निवासी ग्राम कागलीखोरा, थाना बाजना, जिला रतलाम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र दंडोतिया, उप निरीक्षक योगेश निनामा, उप निरीक्षक रामसिंह खपेड़, आरक्षक सनी मइडा, आरक्षक कृष्णपाल सिंह, आरक्षक दरबार कमलेश हारी तथा आरक्षक मनीष पाटीदार की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट ईश्वर टांक ( बाजना )
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत