रतलाम। मध्यप्रदेश पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बड़ावदा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 289.988 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा से भरी बिना नंबर की पावरट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है।
बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 14.50 लाख बताई गई है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान ट्रैक्टर चालक और उसका एक साथी वाहन छोड़कर अंधेरे एवं झाड़ियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा ग्रामीण श्री संदीप कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना बड़ावदा पुलिस द्वारा क्षेत्र में रात्रि गश्त की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक तेज रफ्तार से भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया जिसके बाद आरोपी ग्राम सिंदुरकिया स्थित शासकीय मिडिल स्कूल के पास खाली मैदान में ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर अपने साथी के साथ फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रॉली की तलाशी ली तो उसमें रखे 13 काले प्लास्टिक के कट्टों से 289.988 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया तथा आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया, उप निरीक्षक चन्द्रशेखर डिगा, सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बारिया प्रधान आरक्षक शहजाद खान आरक्षक गोपालसिंह सोनगरा आरक्षक बालुसिंह तथा सैनिक संग्रामसिंह की सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का संदेश स्पष्ट है—नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो ताकि नशामुक्त समाज, सुरक्षित युवा और सशक्त मध्यप्रदेश का लक्ष्य साकार किया जा सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत