रतलाम/रिंगनोद। रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत रिंगनोद थाना पुलिस की माननखेड़ा चौकी टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 280 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने डोडाचूरा परिवहन के आरोप में 48 वर्षीय प्रमोद पिता नरेन्द्र कुमार दुबे, निवासी ताजखेड़ी थाना भावगढ़ जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लाल रंग का महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर और ट्रॉली भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को दिन में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए माननखेड़ा चौकी पुलिस टीम ने बताए गए मार्ग पर निगरानी शुरू की। संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में डोडाचूरा बरामद हुआ। तौल कराने पर कुल 280 किलोग्राम डोडाचूरा पाया गया।
पुलिस ने मौके से डोडाचूरा जब्त करते हुए आरोपी प्रमोद दुबे को गिरफ्तार कर लिया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत का लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर मय ट्रॉली भी जब्त किया है। इस तरह कार्रवाई में कुल 19 लाख रुपये का मशरूका पुलिस के कब्जे में आया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई चेन, संभावित खरीदारों और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में रिंगनोद थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, माननखेड़ा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी, सैनिक सुरेश उपाध्याय एवं सैनिक शांतिलाल बामनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत