रतलाम/कालूखेड़ा। राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले पूर्व कृषि मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता स्वर्गीय महेंद्र सिंह कालूखेड़ा की 9वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को रतलाम जिले का कालूखेड़ा श्रद्धा, सेवा और जनभागीदारी का केंद्र बन गया। सुबह से ही सैलाना विधानसभा क्षेत्र सहित जावरा, आलोट, मंदसौर और नीमच अंचल से जनप्रतिनिधियों, नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समाजों के लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पुण्यस्मरण कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने यह संदेश दिया कि महेंद्र सिंह कालूखेड़ा की राजनीतिक एवं सामाजिक विरासत आज भी लोगों के बीच जीवंत है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नाटक के राज्यपाल महामहिम थावरचंद गहलोत रहे। उन्होंने स्वर्गीय महेंद्र सिंह कालूखेड़ा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में राज्यपाल गहलोत ने कहा कि महेंद्र सिंह कालूखेड़ा अजातशत्रु व्यक्तित्व के धनी थे। राजनीति में रहते हुए उन्होंने सभी वर्गों और लोगों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया। उनके लिए सामाजिक समरसता सर्वोपरि थी। यही वजह है कि वर्षों बाद भी उनकी पुण्यतिथि पर इतनी बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो रहे हैं।
राज्यपाल ने महेंद्र सिंह से जुड़े अपने पुराने संस्मरण भी साझा किए। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह जब हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन थे, तब उनके मना करने के बावजूद उन्होंने प्लॉट आवंटित करवाया था। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन की समस्याओं को तत्काल समझकर उनके निराकरण का रास्ता निकालना महेंद्र सिंह की विशेष कार्यशैली थी। समर्थक आज भी बताते हैं कि कई बार वे समस्या सुनकर पर्ची पर ही समाधान लिख देते थे और संबंधित स्तर पर उसका निराकरण हो जाता था।
मंच पर दिग्गजों की मौजूदगी, सैलाना का भी रहा प्रतिनिधित्व
आयोजन में भारतीय राष्ट्रीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, परम आदरणीय गुरुदेव दिनेश जी घटवास घटवास आश्रम, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, आलोट के पूर्व विधायक जितेंद्र (जीतू) गहलोत, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, यशपाल सिंह सिसौदिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कान्हा सिंह चौहान सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं नेता मौजूद रहे।
सैलाना अंचल की ओर से भाजपा जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए और सभी वरिष्ठ अतिथियों के साथ मंच पर विराजमान रहे। सैलाना जनपद पंचायत अध्यक्ष कैलाशीबाई चारेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण मईड़ा तथा वरिष्ठ पत्रकार संतोष धभाई रवि ग्वाले ने स्वर्गीय महेंद्र सिंह कालूखेड़ा की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
आयोजनकर्ता एवं स्वर्गीय महेंद्र सिंह कालूखेड़ा के भाई के.के. सिंह (कीर्ति बना) ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
राष्ट्रगान से शुरुआत, राष्ट्रगान के साथ समापन
कार्यक्रम की शुरुआत नवोदय विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् की प्रस्तुति से हुई। मंच से अतिथियों ने स्वर्गीय महेंद्र सिंह कालूखेड़ा के व्यक्तित्व, राजनीतिक जीवन और सामाजिक योगदान को याद किया। पूरे आयोजन में प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद रहा और व्यवस्था को लेकर सुरक्षा एवं प्रशासनिक स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए। अंत में जन गण मन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पुण्यतिथि बनी जनसेवा का अवसर
महेंद्र सिंह कालूखेड़ा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि के साथ जनसेवा को भी प्राथमिकता दी गई। आयोजित स्वास्थ्य शिविर में करीब 250 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं राजपूत क्लब के रक्तदान शिविर में युवाओं और समाजजनों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया और 72 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
इसके अलावा होप फॉर ग्रोथ वेलफेयर फाउंडेशन की प्रेरणा से बीजधारी संस्था ने भी सेवा एवं पुण्य स्मरण कार्यक्रम आयोजित किए। शासकीय एकीकृत कन्या हाई स्कूल कालूखेड़ा में छात्राओं को चॉकलेट और बिस्किट वितरित किए गए। सेवा कार्य में बीजधारी के फाउंडर डॉ. विनोद गोयल, होप फॉर ग्रोथ वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक एवं संयुक्त सचिव लखन पंवार, कीर्ति शरण सिंह, नरेंद्र सिंह देवड़ा (छोटू भाई), पंकज चारोडिया सहित मित्रगण मौजूद रहे।
कालूखेड़ा में आयोजित पुण्यतिथि समारोह ने श्रद्धांजलि को जनसेवा से जोड़ते हुए स्वर्गीय महेंद्र सिंह कालूखेड़ा के सामाजिक सरोकारों को याद किया। सैलाना से लेकर मंदसौर और नीमच तक विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची जनभागीदारी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत