|
|
हर शुक्रवार होगा जनसंवाद, शिकायतों का त्वरित निराकरण और योजनाओं के क्रियान्वयन की होगी समीक्षा आगर 5अगस्त 2026,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार "मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026" आगर जिले में 7 अगस्त को तनोडिया से प्रारंभ हो रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासन-प्रशासन की पहुंच को और अधिक सशक्त बनाना, क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से समस्याओं का मौके पर निराकरण करना, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार जिले के नगर परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। अभियान के दौरान जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। यदि किसी समस्या का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं होगा अथवा राज्य स्तर के निर्णय, नीति, बजट या तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता होगी तो ऐसे प्रकरणों का संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निराकरण कराया जाएगा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विशेष समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों की निर्धारित तिथि पर उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा संबंधित शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण के लिए पूर्व तैयारी कर आवश्यक निरीक्षण प्रपत्र उपलब्ध कराएं। अभियान के दौरान विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थाओं, आंगनवाड़ी केन्द्रों, लोक सेवा केन्द्रों, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की समस्त गतिविधियों की मॉनिटरिंग पोर्टल आधारित होगी तथा सभी अधिकारी निर्धारित प्रारूप के अनुसार समयबद्ध रूप से जानकारी दर्ज करेंगे। कार्यक्रमों का आयोजन सादगी एवं मितव्ययिता के साथ किया जाएगा, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाएगा तथा पूर्व निर्मित अधोसंरचनाओं का ही उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। भ्रमण के दौरान वाहनों की संख्या भी सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर डॉ मीना ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। |