रतलाम। जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लापरवाही और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति नहीं करने वाले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मैदानी स्तर पर जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इसी के पालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने जिले के 25 एएनएम सहित सीएचओ, एलएचवी, ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर के वेतन में कटौती के आदेश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई में जिले की 25 एएनएम का सात-सात दिवस का वेतन काटा गया है। इनमें सरिता दास पटेल, हिना शर्मा, ममिता खराड़ी, पार्वती चारेल, प्रभावती भंवर, सुशीला उमावा, मंजू जाजोरिया, मीना राजावत, पिंकी धाकड़, मोहम्मदी सैयद, चंद्रभागा झरबड़े, निर्मला सोलंकी, पवित्रा निनामा, शकीला खान, सुशीला परमार, संगीता गामड़, संगीता वसुनिया, लैला अंजुम, मुस्कान मंसूरी, ज्योति सोलंकी, संगीता शर्मा, शोभा शर्मा, अनिता खरत, गीता मकवाना, सुनीता शक्तावत एवं भगवती पडियार शामिल हैं।
इसी क्रम में सात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) आरती परमार, विनीता भाबर, गुंजन सैनी, कृष्णा शर्मा, अक्षय चौधरी, अनीता प्रजापत एवं जितेंद्र सिंह का भी सात-सात दिवस का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं। वहीं एलएचवी अनीता धौलपुरिया एवं शांता परमार के वेतन में भी सात-सात दिवस की कटौती की गई है।
इसके अतिरिक्त ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर सुमन घावरी, चंद्रेश गुप्ता एवं रेखा गणावा तथा ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर मोइनुद्दीन अंसारी, राजेश राव एवं धन सिंह रावत का दो-दो दिवस का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने तथा मैदानी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई को स्वास्थ्य विभाग के अमले के लिए स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि परिणाम आधारित कार्यप्रणाली अपनानी होगी। अब विभागीय अमले की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रगति की निगरानी पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत