रतलाम। सर्दियों का मौसम थैलेसीमिया, सिकल सेल एवं हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने का समय है। ठंड के कारण रक्त संचार प्रभावित होने, जोड़ों में दर्द और मांसपेशियों में जकड़न जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसे देखते हुए काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव एवं मध्य प्रदेश थैलेसीमिया जन जागरण समिति के मार्गदर्शक गोविंद काकानी तथा समिति की उपाध्यक्ष एवं थैलेसीमिया योद्धा वर्षा पवार ने जिला चिकित्सालय में बच्चों के स्वास्थ्य एवं उपचार को लेकर विशेष पहल की।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अखंड प्रताप सिंह, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. भरत निनामा, डॉ. अभिनव जैन, डॉ. भागवत मुंडे एवं जिला चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग के सहयोगियों के सहयोग से थैलेसीमिया योद्धा वर्षा पवार का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यकता के अनुसार एक्स-रे भी करवाया गया तथा चिकित्सकीय परामर्श के बाद जिला चिकित्सालय से आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
ठंड में जोड़ों के दर्द और जकड़न से रहें सावधान
अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. भरत मीना ने बताया कि वर्तमान में थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता के लिए मुहिम चलाई जा रही है। उन्होंने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों एवं उनके परिजनों से विशेष अपील करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में रक्त संचार कुछ कम होने से जोड़ों में दर्द और जकड़न जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में बच्चों को गर्म कपड़े पहनाना, शरीर को ठंड से बचाना, हल्की मालिश करना तथा नियमित देखभाल और उपचार जारी रखना बेहद जरूरी है।
कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दें: सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पहले से कमजोर हो सकती है और उन्हें समय-समय पर रक्त चढ़ाने (ब्लड ट्रांसफ्यूजन) की आवश्यकता पड़ती है। बार-बार रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया के कारण नसों को भी नुकसान पहुंच सकता है। सर्दियों में वैसो-कंस्ट्रिक्शन यानी नसों के सिकुड़ने की प्रक्रिया के कारण नसों एवं मांसपेशियों पर प्रभाव पड़ता है, जिससे जोड़ों की गतिशीलता प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने परिजनों को सलाह दी कि बच्चों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित हल्का व्यायाम कराएं और कुछ समय धूप में बैठाएं, जिससे जोड़ों की गतिशीलता बनी रहे तथा शरीर को विटामिन-डी मिल सके। समय-समय पर आवश्यक जांच करवाएं और जांच में किसी भी पोषक तत्व या अन्य कमी सामने आने पर डॉक्टर की सलाह से दवाइयां एवं सप्लीमेंट नियमित रूप से दें। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें।
जिला चिकित्सालय में लगातार मिल रही स्वास्थ्य सेवाएं
डॉ. अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि जिला चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग के विशेषज्ञ थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करते हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराते हैं।
इस अवसर पर गोविंद काकानी एवं वर्षा पवार ने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल एवं हीमोफीलिया से पीड़ित बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, समय पर जांच और उचित उपचार बेहद आवश्यक है। विशेषकर मौसम बदलने और ठंड बढ़ने के दौरान परिवारों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की छोटी से छोटी स्वास्थ्य समस्या को भी नजरअंदाज न करें तथा नियमित उपचार के साथ चिकित्सकों के मार्गदर्शन का पालन करें।
इस पहल का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों में जागरूकता बढ़ाकर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं समय पर उपचार के प्रति प्रेरित करना भी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत