रतलाम / नामली । जिले में आपराधिक वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बदमाशों के बेखौफ अंदाज के बीच बांगरोद में बुधवार रात एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। रेलवे स्टेशन के आगे खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर 24 वर्षीय युवक को तीन से चार अज्ञात हमलावरों ने घेर लिया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के सीने, पेट और गले को निशाना बनाते हुए कई वार किए। गंभीर रूप से लहूलुहान युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार सुबह दम तोड़ दिया। इस खूनी वारदात ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं, वहीं क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
मृतक की पहचान बांगरोद निवासी तेजपाल पिता ईश्वरलाल पाटीदार (24) के रूप में हुई है। घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे नामली थाना क्षेत्र की बांगरोद पुलिस चौकी अंतर्गत हुई। जानकारी के अनुसार तेजपाल रेलवे स्टेशन से आगे गैस एजेंसी के समीप खेत की ओर जाने वाले रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान तीन से चार अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और अचानक चाकुओं से हमला बोल दिया। हमले की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवक के शरीर के कई संवेदनशील हिस्सों पर गंभीर घाव आए।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण, अस्पताल में तोड़ा दम
अचानक हुए हमले से बचने के लिए तेजपाल ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। ग्रामीणों ने तत्काल बांगरोद पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तेजपाल को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। युवक की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था।
उपचार के दौरान तेजपाल ने पुलिस को बताया था कि तीन से चार अज्ञात लोगों ने उस पर चाकुओं से हमला किया है। चिकित्सकों ने उसे बचाने के लिए तमाम प्रयास किए, लेकिन गुरुवार सुबह जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में वह हार गया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की।
आधी रात को एसपी अमित कुमार पहुंचे घटनास्थल, अधिकारियों से ली जानकारी
गंभीर वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए खुद मोर्चा संभाला। एसपी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और वारदात स्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस चौकी पर पहुंचकर अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई और जांच के संबंध में भी चर्चा की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय की हैं।
सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल, साइबर सेल भी जांच में जुटी
इस मामले में एएसपी विवेक कुमार लाल और एसडीओपी किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी जांच में जुटे हैं। बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान, नामली थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद, बांगरोद चौकी प्रभारी वीडी जोशी और साइबर सेल की टीम भी आरोपियों तक पहुंचने के लिए प्रयास कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ नामली और बांगरोद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात से पहले और बाद में घटनास्थल के आसपास कौन-कौन सक्रिय था और हमलावर किस दिशा में फरार हुए। फिलहाल आरोपियों की पहचान सामने नहीं आई है।
आखिर किस वजह से हुई वारदात? कई पहलुओं पर जांच
24 वर्षीय युवक की इस तरह निर्मम हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या हमलावर पहले से युवक की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे या अचानक हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया? हमले के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद अथवा कोई अन्य कारण है, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल वारदात की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।