सिंगोली। क्षेत्र के प्रसिद्ध तिलस्वां घाट पर मंगलवार सुबह उस समय लोगों में दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया, जब सड़क पर एक तेंदुआ खुलेआम घूमता दिखाई दिया। सुबह करीब 5 बजे अपने परिवार के साथ निजी कार से सिंगोली की ओर आ रहे दिव्यांश जोशी ने अचानक घाट पर तेंदुए को विचरण करते देखा। अचानक सामने आए इस वन्यजीव को देखकर उन्होंने सावधानी बरतते हुए कार से ही उसका वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसके बाद तिलस्वां घाट और आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
तेंदुए की इस दस्तक ने सबसे अधिक चिंता इस मार्ग से नियमित रूप से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ा दी है। तिलस्वां महादेव क्षेत्र का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां मध्यप्रदेश सहित राजस्थान और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यहां दिन हो या रात, सड़क पर वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
विशेषकर अलसुबह और देर रात सफर करने वाले यात्रियों के लिए घाट पर तेंदुए की मौजूदगी खतरे की आशंका बढ़ा सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट और आसपास का क्षेत्र प्राकृतिक वनस्पतियों से घिरा होने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। ऐसे में तेंदुए का सड़क पर दिखाई देना सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। वन विभाग को तत्काल मामले का संज्ञान लेकर तिलस्वां घाट और आसपास के जंगलों में निगरानी बढ़ानी चाहिए। जरूरत के अनुसार कैमरा ट्रैप और अन्य संसाधनों से तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाया जाना चाहिए।
लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि मार्ग पर गुजरने वाले यात्रियों को सतर्क करने के लिए आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाए जाएं और संबंधित क्षेत्र में वन अमले की निगरानी सुनिश्चित की जाए। यदि तेंदुए की गतिविधियां आबादी या आवागमन वाले मार्ग के आसपास लगातार मिलती हैं तो नियमानुसार विशेषज्ञों की मदद से उचित कदम उठाए जाएं।
अब सवाल यह है कि क्या वन विभाग किसी अप्रिय घटना का इंतजार करेगा या समय रहते सक्रिय होकर यात्रियों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाएगा? फिलहाल तिलस्वां घाट पर तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
रिपोर्टर दिनेश जोशी (सिंगोली)