रतलाम / सैलाना। ग्रामीण विकास को नई दिशा देने और गांवों में सामाजिक चेतना के साथ जनभागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सैलाना द्वारा विकासखंड स्तरीय प्रस्फुटन समितियों का शक्ति संचय प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद पंचायत सैलाना के सभागृह में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों को अधिक सक्रिय, संगठित एवं जिम्मेदार बनाकर ग्राम विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में उनकी भूमिका प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर अतिथि के रूप में श्रीमती कैलाशी बाई रामचन्द्र चारेल, जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, जनपद सदस्य प्रभुलाल भाभर, सुभाष भाभर एवं ब्लॉक समन्वयक रतनलाल चरपोटा उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में ब्लॉक समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की स्थापना, उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं ग्रामीण विकास में जनभागीदारी की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समाज के लोगों को संगठित कर विकास कार्यों से जोड़ना परिषद की महत्वपूर्ण पहल है। जनसहयोग और सामूहिक प्रयासों से गांवों में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
द्वितीय सत्र में जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने प्रस्फुटन समितियों के उन्नयन, दायित्वों एवं सामाजिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रस्फुटन समितियां केवल संगठनात्मक इकाई नहीं, बल्कि गांवों में सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। समितियों को नियमित बैठकें आयोजित कर शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। जनभागीदारी के माध्यम से ही ग्राम विकास के प्रयासों को व्यापक और प्रभावी बनाया जा सकता है।
तृतीय सत्र में परामर्शदाता विक्रम कुमार शर्मा ने संवाद कौशल, प्रभावी संचार, सामाजिक समन्वय एवं दस्तावेजीकरण के महत्व पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक अभियान की सफलता के लिए बेहतर संवाद, आपसी समन्वय और गतिविधियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखना आवश्यक है।
अंतिम सत्र में प्रतिभागियों से सीधा संवाद कर प्रशिक्षण का फीडबैक लिया गया तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक कार्यों के प्रति सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड की विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं तथा नवांकुर सखियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
प्रशिक्षण का मुख्य संदेश स्पष्ट रहा कि गांवों का वास्तविक विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि जागरूक समाज, संगठित समितियों और सक्रिय जनभागीदारी से संभव है। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की यह पहल सैलाना विकासखंड में सामाजिक नेतृत्व को मजबूत करने और ग्रामीण विकास के प्रयासों को नई ऊर्जा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
आयोजक : मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड सैलाना, जिला रतलाम।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत