रतलाम/सैलाना। सैलाना विधानसभा क्षेत्र में बारिश की कमी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सावन बीतने और भादो शुरू होने के बावजूद पर्याप्त वर्षा नहीं होने से सैलाना, सरवन, शिवगढ़, बाजना और रावटी क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में खरीफ फसलें संकट में आ गई हैं। किसानों की इस गंभीर समस्या को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर तत्काल राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
विधायक डोडियार ने अपने पत्र में बताया कि वर्तमान समय में सोयाबीन की फसल फूल से फली बनने और दाना भरने की महत्वपूर्ण अवस्था में है। ऐसे समय पर्याप्त नमी और पानी नहीं मिलने से फसलें मुरझाने लगी हैं। वहीं मक्का सहित अन्य खरीफ फसलों पर भी बारिश की कमी का सीधा असर पड़ रहा है। यदि आगामी दिनों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
डोडियार ने कहा कि किसान अपने स्तर पर मोटर, डीजल पंप और स्प्रिंकलर से सिंचाई का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन महंगे डीजल, बिजली और सिंचाई साधनों का खर्च छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। क्षेत्र के कई तालाब, कुएं और जलस्रोतों में भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से आगामी रबी फसल और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रभावित गांवों में तत्काल फसल एवं वर्षा की स्थिति का सर्वेक्षण कराया जाए। राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमों के माध्यम से फसलों के वास्तविक नुकसान का आकलन कर किसानों को फसल बीमा एवं शासन की प्रचलित राहत योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने कृषि पंपों के लिए पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति, कृषि एवं मौसम विभाग द्वारा क्षेत्रवार स्थिति की समीक्षा तथा किसानों को फसल बचाने के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले को सूखा प्रभावित परिस्थिति के रूप में गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का आग्रह किया है। विधायक का यह पत्र ऐसे समय आया है जब बारिश की कमी से सैलाना क्षेत्र के किसानों की नजर अब आसमान पर टिकी हुई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत