रतलाम। सेवावीर परिवार द्वारा प्रत्येक मंगलवार आयोजित किए जा रहे हनुमान चालीसा पाठ का 261वां पड़ाव मंगलवार 1 सितंबर 2026 को गांधीनगर स्थित श्री बृहस्पतेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्रभावना के वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान गोगा नवमी के पावन अवसर पर विशेष छड़ी पूजन किया गया। मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा के पाठ के साथ राष्ट्र, धर्म और समाज की रक्षा का संकल्प गूंजता रहा।
गोगा नवमी के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में गोगा देव जी की पावन कथा का वर्णन किया गया तथा लोक आस्था और सामाजिक समरसता में उनके महत्व पर प्रकाश डाला गया। गोगा देव जी की पवित्र छड़ी लेकर पहुंचे भगत जी भी आयोजन में विशेष रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम में सेवावीरों ने श्री हनुमान जी महाराज, श्री दिव्य गदा जी एवं गोगा देव जी की पावन छड़ी पर राखी अर्पित कर रक्षा की प्रार्थना की। इसके बाद उपस्थित सेवावीरों एवं रहवासियों ने एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधते हुए परस्पर सहयोग, सुरक्षा और सामाजिक एकजुटता का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लिया गया रक्षा संकल्प केवल व्यक्तिगत सुरक्षा तक सीमित नहीं रहा। उपस्थित जनों ने अपने परिवार, इष्ट-मित्रों, रिश्तेदारों और संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ-साथ समाज, रतलाम, मध्यप्रदेश, भारतभूमि और धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का प्रण लिया।
सेवावीर परिवार ने स्पष्ट किया कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा का संकल्प केवल मंच से बोले गए शब्द नहीं, बल्कि उसे धरातल पर उतारने के लिए लगातार सामाजिक अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ‘मेरे घर आएंगे मिट्टी के गणेश’ अभियान को व्यापक स्तर पर गति दी जा रही है।
अभियान के तहत सेवावीर प्रातः विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में एकत्रित होकर वाहनों पर अभियान के स्टिकर लगा रहे हैं। ऑटो रिक्शा और मंदिरों पर फ्लेक्स के माध्यम से भी मिट्टी के गणेश स्थापित करने, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने का संदेश दिया जा रहा है। सेवावीर परिवार के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर परिवारों से अभियान से जुड़ने का आग्रह कर रहे हैं।
इस अभियान का उद्देश्य केवल प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों का विरोध करना नहीं, बल्कि मिट्टी के गणेश जी की स्थापना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक जागरूकता को एक साथ आगे बढ़ाना है।
सेवावीर परिवार द्वारा 14 अगस्त से अलग-अलग बस्तियों और क्षेत्रों में प्रतिदिन शाम को भारत माता की आरती का आयोजन भी निरंतर किया जा रहा है। कार्यकर्ता क्षेत्र में पहुंचकर समाजजनों को एकत्रित करते हैं। भारत माता की आरती के बाद उपस्थित परिवारों को ‘मेरे घर आएंगे मिट्टी के गणेश’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।
सेवावीर परिवार का कहना है कि राष्ट्र और धर्म के प्रति दायित्व केवल संकल्प लेने से पूरा नहीं होता, बल्कि उस संकल्प को व्यवहार और सामाजिक कार्यों में उतारना ही वास्तविक राष्ट्रधर्म है। इसी भावना के साथ चलाए जा रहे अभियानों को समाज के विभिन्न वर्गों से सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सेवावीर परिवार के सदस्यों एवं क्षेत्रीय रहवासियों ने रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गोगा नवमी की शुभकामनाएं साझा कीं। आयोजन में बड़ी संख्या में सेवावीर परिवार के सदस्य, क्षेत्रीय रहवासी तथा गोगा देव जी की पवित्र छड़ी लेकर पहुंचे भगत जी मौजूद रहे। पूरे आयोजन में भक्ति के साथ सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र-धर्म के प्रति जिम्मेदारी का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।