रतलाम। शहर के अशोक नगर स्थित गंगाजलीय महादेव मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा खंडित मिलने के बाद सोमवार को जमकर आक्रोश देखने को मिला। मंदिर परिसर में शिवलिंग के समीप स्थापित करीब डेढ़ फीट ऊंची बालाजी (हनुमान जी) की मूर्ति टूटी मिलने की सूचना फैलते ही हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ मंदिर पहुंच गई। घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी थी। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम किया। इसके बाद माणक चौक थाने का घेराव किया गया। बाद में प्रदर्शनकारी गणेश देवरी चौराहे पर सड़क पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शन के चलते करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
27 अगस्त के बाद मंदिर नहीं जा सके, 31 अगस्त को पहुंचने पर सामने आई घटना
मामले में माणक चौक थाने में FIR दर्ज की गई है। FIR क्रमांक 0466/2026 दिनांक 31 अगस्त 2026 को दर्ज हुई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की जांच की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल रितेश पाटीदार, क्रमांक 458 को सौंपी गई है।
FIR में शिकायतकर्ता मनीष हीर, पिता लालचंद जी हीर, निवासी अशोक नगर, रतलाम ने पुलिस को बताया कि वे पिछले करीब 25 वर्षों से गंगाजलीय महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा करने जाते हैं। 27 अगस्त 2026 को वे दिन में मंदिर में पूजा करने गए थे। इसके बाद तबीयत खराब होने के कारण दो-तीन दिन मंदिर नहीं जा सके।
31 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे जब मनीष हीर मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर के बाहर का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाकर देखने पर मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति भी टूटी हुई मिली। शिकायतकर्ता के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर का ताला तोड़कर हनुमान जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया।
मनीष हीर ने पुलिस को बताया कि घटना से उनकी तथा अन्य हिंदू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वे निरंजन बैरागी, निवासी माली कुआं, रतलाम तथा सिद्धार्थ गंधेरा, निवासी धानमंडी बाजार, रतलाम को साथ लेकर थाने पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश
मंदिर में प्रतिमा खंडित किए जाने की जानकारी सामने आते ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) सहित हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचने लगे। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से मंदिर में तोड़फोड़ करने वाले अज्ञात आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पहले चक्काजाम, फिर थाने का घेराव
आक्रोशित लोगों ने घटना के विरोध में सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग माणक चौक थाने पहुंचे और थाने का घेराव करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
इसके बाद प्रदर्शनकारी गणेश देवरी चौराहे पर सड़क पर बैठ गए। यहां लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शन और चक्काजाम के कारण करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
CSP से लेकर तहसीलदार तक मौके पर पहुंचे
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, तहसीलदार आशीष उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से चर्चा की।
अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया कि मंगलवार को कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में मंदिर में नई हनुमान प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
इसके साथ ही मंदिर की सुरक्षा को लेकर मंदिर के आसपास बाउंड्रीवॉल बनाने तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी आश्वासन दिया गया।
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम और प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुई। हालांकि घटना को लेकर हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
माणक चौक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। FIR में फिलहाल आरोपी अज्ञात है। पुलिस घटनास्थल से मिले अवशेषों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान हो सके।
हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मंगलवार को कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में नई हनुमान प्रतिमा स्थापित किए जाने के प्रशासनिक आश्वासन के बाद अब लोगों की नजर पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी पर है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत