|
आगर मालवा : निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े जाएंगे। ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम वर्तमान में मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। साथ ही, वे नागरिक जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे भी फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म-6 संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अथवा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय में जमा किया जा सकता है। फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरने की आवश्यकता नहीं है। बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा पात्र नवीन एवं छूटे हुए मतदाताओं से फॉर्म-6 अनिवार्य रूप से भरवाया जाए तथा फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जाए। मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए voter.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भी फॉर्म-6 भर सकते हैं। फार्म के साथ नहीं भरे जाएंगे घोषणा पत्र आगर मालवा 6 अक्टूबर 2026 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ शेर सिंह मीना ने ने जिले के पात्र नागरिकों से अपील की है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाएं। जिन पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर शालिनी श्रीवास्तव ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान गंभीरता एवं तत्परता से कार्य करें तथा पात्र नवीन एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। अभियान की निर्वाचन आयोग द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल द्वारा मंगलवार की शाम को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इस विशेष अभियान की तैयारी की विस्तृत विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट आगर के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ शालिनी श्रीवास्तव, सहायक संचालक जनसंपर्क श्री जगदीश मालवीय अन्य अधिकारी तथा निर्वाचन सुपरवाइजर श्री राजेंद्र पांडेय भी उपस्थित थे |