|
आगर-मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मंगलवार को कलेक्टोरेट में सेवा ज्योति कलश यात्रा के नोडल अधिकारी एसडीएम श्री कमल मंडलोई, श्रीमती देव कुंवर सोलंकी एवं जिलाधिकारियों की बैठक में 07 अक्टूबर को जिले में आयोजित होने वाली सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की और नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षैत्र में आयोजित होने वाली सेवा ज्योति कलश यात्रा की सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने इस यात्रा में संबंधित क्षैत्र के अधिकाधिक नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 7 अक्टूबर 2026 को जिला मुख्यालय के झण्डा चौक पर प्रातः 09.00 बजे "विकसित भारत संकल्प सभा" का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रातः 9.00 बजे से 9.45 बजे तक देशभक्ति गीतों का गायन होगा एवं ठीक 9.45 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी वर्चुअली जुड़कर उद्बोधन देंगे। प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन के पश्चात दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में सेवा ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, जिसके उपरांत जिला मुख्यालय पर अतिथिगणों द्वारा सेवा ज्योति का प्रज्वलन किया जाएगा। सेवा ज्योति कलश यात्रा के जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन, समाजसेवी संस्थाएं, विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त नागरिक एवं आमजनों की अधिकाधिक सहभागिता के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। सभा स्थल पर विकसित भारत निर्माण के संकल्प पर केंद्रित सेल्फी बूथ, मंच, बैकड्रॉप, एलईडी स्क्रीन, साउण्ड सिस्टम, पेयजल, बैठक, सुरक्षा एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिस मशाल से सेवा ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, उसी मशाल से जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों की ज्योति को भी प्रज्वलित किया जाएगा। ज्योति प्रज्वलन के पश्चात दोनों विधानसभा क्षेत्रों के नागरिक अपनी-अपनी प्रज्वलित मशाल के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में सबसे आगे रथ रहेगा, उसके पीछे प्रज्वलित मशालधारी नागरिक एवं उसके पीछे शासकीय योजनाओं के फ्लैक्स/तख्तियों के साथ आमजन शामिल होंगे। यात्रा के दौरान यातायात एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहेगी तथा जिला मुख्यालय के एक चौराहे को "सेवा-संकल्प चौक" के रूप में विकसित किया जाएगा। |