|
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक सम्पन्न आगर-मालवा : जिला स्तरीय जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक गुरूवार को कलेक्टोरट सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर द्वारा जल जीवन मिशन के तहत् जिले के 372 गांवों में हर घर नल से जल प्रदाय के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले के 108 गांवों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण नल जल योजना का कार्य पूर्ण कर जलापूर्ति की जा रही है। इन गांवों में जल निगम द्वारा पेयजल टंकी को बल्क वाटर प्रदाय किया जा रहा है। शेष 372 गांवों में से 290 गांवों में जल जीवन मिशन द्वारा योजना का कार्य एवं पेयजल टंकी निर्माण का कार्य कर लिया गया है और इन गांवों में कमिश्निंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस कार्य में 50 टीमें लगाई गई है। वर्तमान में आगर के 25, बड़ौद के 14, नलखेडा के 24 एवं सुसनेर 39 गांवों में जल निगम द्वारा जलापूर्ति प्रारंभ कर दी गई है कुल 61 गांवों में जल निगम द्वारा नियमित रूप से शुद्ध पेयजल आपूर्ति की जा रही है। जल निगम के प्रबंधक ने बताया कि जिले के 34 गांवों में जल प्रदाय टेस्टिंग का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने जल निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रगति अपेक्षित नहीं पाये जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिले के शेष गांवों को भी जल प्रदाय योजना से अविलंब जोड़ कर वहां जलापूर्ति शीघ्र प्रांरभ करने के निर्देश जल निगम प्रबंधक एवं क्रियान्वयन एजेंसी के प्रतिनिधियों को दिए। साथ ही जल निगम प्रबंधक को निर्देश दिए कि वे समूह जल प्रदाय योजना की प्रगति एवं अब तक कार्यों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित करें। बैठक में स्वच्छता ही सेवा अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई और निर्देश दिए कि जनपद सीईओ अपने-अपने क्षैत्र की बड़ी ग्राम पंचायतों में ट्रेचिंग ग्राउण्ड निर्माण के लिये भूमि चिन्हित कर ऑनलाईन प्रस्ताव भिजवाएं। कलेक्टर ने जल निगम को सभी स्कूल, आंगनवाड़ी एवं शासकीय संस्थाओं के भवनों/परिसरों मे भी समूह जल प्रदाय योजना से नल कनेक्शन प्रदान कर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद सीईओ को प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की प्रगति लाने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री बीएस सोलंकी, प्रबंधक जल निगम श्री रविन्द्र राय, जनपद सीईओ आगर सुश्री अंजली बड़ोले, श्री अभिषेक यादव, सुसनेर, श्री अमृत सिसौदिया बड़ौद, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राजीव गुप्ता सहित सभी सहायक यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन कार्यपालन यंत्री एवं समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। |