रतलाम /जावरा। नगर के वार्ड क्रमांक 17 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 30 पर सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करने के साथ पौधारोपण, कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा फल और उपहार वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नगर मंडल मीडिया प्रभारी गुरु संदीप रांका रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सेवा अभियान की मूल भावना है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तबस्सुम कुरैशी ने महिलाओं और बच्चों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया गया तथा वीडियो प्रसारण के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। केंद्र परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्चों के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। आयोजन के दौरान बच्चों एवं महिलाओं को फल और उपहार वितरित किए गए।
इस अवसर पर शायर फजल हयात, पार्षद प्रतिनिधि इश्तियाक सैयद, इशाक भाई सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक, महिलाएं और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत