रतलाम / सैलाना। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में सैलाना में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें अंत्योदय, एकात्म मानववाद, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, उनके विचारों और समाज के प्रति योगदान पर प्रकाश डालते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने उनके राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके जीवन, विचारों, आदर्शों और सामाजिक योगदान से परिचित कराना रहा।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि जिला योजना समिति सदस्य भूपेन्द्र जायसवाल और कृषि मंडी व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष इन्द्रेश चन्डालीया रहे। दोनों अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर अपने विचार रखे।
इन्द्रेश चंडालिया ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा, समाज कल्याण और जनहित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अंत्योदय की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
भूपेन्द्र जायसवाल ने एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर चर्चा करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की कल्पना प्रस्तुत की थी। उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और सेवा भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
ग्राम विकास में जनभागीदारी पर जोर
विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की गतिविधियों और ग्राम विकास में जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों और सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं से समाजसेवा, जनजागरूकता और ग्रामीण विकास के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
नवांकुर संस्था के अध्यक्ष सचिन कहार ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सेवा की भावना को प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता विक्रम कुमार शर्मा ने किया, जबकि भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन के अध्यक्ष हरीश सिलावट ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर परामर्शदाता दिनेश कुमार गेहलोत, पवन पारगी, योगेश तंवर और प्रतिज्ञा गुर्जर सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान के साथ हुआ समापन
संगोष्ठी के समापन पर उपस्थित प्रतिभागियों ने समाजसेवा, जनकल्याण और ग्राम विकास के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान के तहत कॉलेज परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत