सैलाना (रतलाम)। सड़क पर लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी! क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए IPS SDOP लेखराज मीणा ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देशन में सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने पुलिस बल के साथ सैलाना बायपास, पिपलोदा-बांसवाड़ा-रतलाम चौराहा और साईं पेट्रोल पंप सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान ओवरलोड वाहनों, तेज रफ्तार चालकों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रही।
50 मजदूरों से भरी पिकअप देखकर पुलिस भी हुई सतर्क
सोयाबीन कटाई के सीजन में मजदूरों को खेतों तक पहुंचाने के लिए पिकअप और रिक्शा छोटे मालवाहक वाहनों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। इसी दौरान पुलिस ने एक ऐसी पिकअप टेम्पो को जांच के लिए रोका, जिसमें करीब 40 से 50 मजदूर सवार थे। एक ही वाहन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को बैठाकर ले जाना सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मामला है।
पुलिस ने वाहन में सवार मजदूरों की गिनती की और चालक को कड़ी हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चलाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है।
चालक को समझाया गया कि मजदूरों की जान की सुरक्षा उसकी जिम्मेदारी है ना ही उनको मजदूरी सै रोकना है और निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को वाहन में बैठाकर ले जाने से बचना होगा।
IPS SDOP लेखराज मीणा की पहल, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने का संकल्प
क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए IPS SDOP लेखराज मीणा ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस को सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया है। इसी क्रम में थाना प्रभारी पिंकी आकाश और पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की तथा चालकों को तेज गति और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य स्पष्ट है—सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना।
नाबालिगों के स्टंट पर अब परिजनों की भी खैर नहीं!
सड़क पर तेज रफ्तार से दोपहिया वाहन बिना नम्बर वाले या नम्बर वाले दौड़ाने और स्टंट करने वाले नाबालिगों को लेकर भी पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि नाबालिग वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाते हैं, तो उनके अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार चालानी कार्यवाही एवं एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा सकती है।
अभिभावकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बच्चों के हाथ में वाहन सौंपने से पहले उनकी उम्र और वाहन चलाने की पात्रता का ध्यान रखना जरूरी है। सड़क पर स्टंट करना केवल खुद की नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डालता है।
पुलिस का संदेश—नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई, सुरक्षा से समझौता नहीं
सैलाना पुलिस का यह अभियान केवल वाहनों की जांच तक सीमित नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने की एक जिम्मेदार पहल है। IPS SDOP लेखराज मीणा और थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
पुलिस की अपील है कि वाहन चालक ओवरलोडिंग से बचें, तेज रफ्तार पर नियंत्रण रखें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। ऐसे में सैलाना पुलिस की यह पहल सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
IPS SDOP लेखराज मीणा, सैलाना
"क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सोयाबीन कटाई के सीजन में मजदूरों को क्षमता से अधिक संख्या में पिकअप और अन्य वाहनों में बैठाकर ले जाने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे वाहनों की जांच कर चालकों को समझाइश दी जा रही है कि वे ओवरलोडिंग से बचें और मजदूरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सड़क पर स्टंट करने के मामलों में उनके अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।"
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत