|
आयुर्वेद से स्वस्थ भविष्य की ओर कदम: तेलनखेड़ी में 45 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण नीमच : 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस, जिसकी थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” है, के उपलक्ष्य में आयुष विभाग नीमच द्वारा ग्राम तेलनखेड़ी में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष बोरना के निर्देशन में यह शिविर शासकीय आयुर्वेद औषधालय बगाना, जिला नीमच के माध्यम से आयोजित किया गया। शिविर में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को आहार एवं पोषण, प्रतिदिन योग, मौसमी बीमारियों से बचाव, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के पालन तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की प्रतिज्ञा भी दिलाई गई। साथ ही दैनिक जीवन में आयुर्वेद के महत्व और उसके व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर में डॉ. पंकज कुमार पाटीदार एवं श्रीमती कस्तूर मालविया ने सेवाएं प्रदान कीं। आयोजित शिविर से कुल 45 लाभार्थी लाभान्वित हुए। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। |