रतलाम। रतलाम विकास प्राधिकरण परिसर मंगलवार सुबह गणपति बप्पा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। प्राधिकरण में चल रही गणपति आराधना की दैनिक श्रृंखला के तहत भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में प्राधिकरण के पदाधिकारी, संचालक मंडल के सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और श्रद्धाभाव के साथ भगवान गणेश का पूजन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय रहे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री जयवंत कोठारी एवं क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि राजेश माहेश्वरी उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के पश्चात आरती में सहभागिता की। आरती के दौरान परिसर भक्तिमय जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, आज की पूजा के यजमान उपाध्यक्ष प्रवीण सोनी सहित संचालक मंडल के सदस्य राजेंद्र सिंह गोयल, धीरज व्यास, पूर्व पार्षद राजेंद्र सिंह पवार, योगेंद्र सिंह सिसौदिया, शैलेंद्र सिंह देवड़ा एवं विशाल सिंह चावड़ा मौजूद रहे। इसके साथ ही प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी आयोजन में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं संचालक मंडल की ओर से अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद भगवान श्री गणेश को भोग अर्पित किया गया और आरती संपन्न होने के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कर्मचारियों को प्रसादी वितरित की गई।
गणपति आराधना के इस अवसर पर उपस्थित जनों ने भगवान श्री गणेश से रतलाम विकास प्राधिकरण के निरंतर विकास, नगर की प्रगति, क्षेत्र में सुख-शांति तथा नागरिकों की समृद्धि की कामना की। आयोजन ने प्राधिकरण परिसर में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का वातावरण भी बनाया।
गणेश आराधना के दौरान पूरे परिसर में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के चरणों में शीश नवाकर नगर एवं क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत