रतलाम/सरवन। पीएम श्री शासकीय एकीकृत हाई स्कूल ग्राम कुंडा में सेवा संकल्प पखवाड़ा अंतर्गत उमंग दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न जीवन कौशल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन जीने की कला, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सेवा भावना से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक, साहित्यकार, कवि एवं चिंतक दिनेश बारोठ रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सफलता केवल पुस्तकीय ज्ञान से नहीं मिलती, बल्कि जीवन की परिस्थितियों को समझकर सही निर्णय लेने और चुनौतियों का सकारात्मकता के साथ सामना करने की क्षमता भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन कौशल के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराते हुए सेवा संकल्प की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य अंजलि वकील ने विद्यार्थियों को सफलता की कहानी सुनाते हुए मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी गतिविधि, मेरी सफलता की कहानी सहित विभिन्न जीवन कौशल गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने रोल प्ले के माध्यम से जीवन में आने वाली परिस्थितियों, समस्याओं और उनके समाधान को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रंजना कटारा ने किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने किशोरावस्था में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जरूरी सावधानियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में शिक्षिका सूरज धबाई, प्रमोद जोशी, घनश्याम बैरागी, परवीन बानो, जगदीश सूर्यवंशी, अंजलि गोस्वामी, भारती वर्मा, जय नारायण तिवारी, ज्योत्सना शर्मा, प्रवीण चंदेल, कैलाश चारेल, कारू लाल खराड़ी, बाबूलाल मईडा, ममता राठौर, रवीना राठौर, यशवंत मईडा, शंकर लाल चौहान, भेरूलाल खराड़ी, सुनील खराड़ी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन भारती वर्मा ने किया। अंत में दर्शन प्रमोद जोशी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उमंग दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत