|
आगर-मालवा : संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में आगर-मालवा जिला मुख्यालय से 20 अगस्त को प्रारंभ हुई, कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान निरंतर जारी है। जिला संयोजक जनजाति कार्य श्री शेखर उइके ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के तहत आगर, नलखेड़ा एवं सुसनेर तहसील के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शनिवार को यह कलश वंदन यात्रा तहसील बड़ौद के ग्राम नानादेहरिया, पिपलियाचाचा, रणायरा, केलवा, खजूरी सोंधिया एवं बिजनगरी पहुँची, जिसका रात्रि विश्राम ग्राम बिजनगरी में रहेगा। रविवार6 सितम्बर 2026 को यात्रा बड़ौद तहसील के ग्राम जोगिबर्डिया, टोकड़ा, रामनगर, बड़ौद, कड़वाला, मदकोटा, सुदवास आदि ग्रामों का भ्रमण करेगी। समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के जन्म स्थान सिर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी का गाँव-गाँव में पूजन भी किया जा रहा है। गाँव-गाँव में आयोजित नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी के विचारों एवं समरसता के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। इस अवसर पर यात्रा के जिला प्रभारी डॉ. भवानी शंकर वर्मा, श्री मेहरबान सिंह सिसोदिया, श्री कमल सिंह गंगापुर , जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री राधे ठाकुर, सरपंच श्री प्रधान सिंह केसरिया, श्री कपिल सिंह, श्री गुमान सिंह, श्री तूफान सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारी/कर्मचारी एवं संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। |