|
नीमच । कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी के नेतृत्व में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 03 सितंबर 2026 को सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगड़ा के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक श्री संजय कुमार कवारे एवं श्री दीपक आंजना तथा श्री पंकज राठौड़ द्वारा पुलिस एवं आबकारी दल के सहयोग से वृत्त नीमच पूर्व के ग्राम किशनपुरिया, बोरखेड़ी, चड़ौली सहित अन्य चिन्हित संदिग्ध स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 25 लीटर अवैध महुआ हाथ भट्ठी कच्ची मदिरा एवं 1150 लीटर महुआ लाहन जप्त किया गया। प्रकरण में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल तीन प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं। जप्त मदिरा एवं महुआ लाहन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये है। कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक श्री गोपाल शर्मा, आबकारी आरक्षक श्रीमती निशा कुंवर, श्री विष्णुसिंह यादव, श्री महेश गेहलोत, श्री विलास दगिया, श्री बलवंत भाटी एवं श्री हंसराज बिलवाल सहित पुलिस बल का सराहनीय सहयोग रहा। जिला आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है। |