|
विधायक श्री गेहलोत की उपस्थिति में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक सम्पन्न आगर मालवा : हर घर नल से जल समूह जल प्रदाय योजना के कार्यों की ग्रामवार प्रगति एवं वर्क प्लान तैयार कर एक सप्ताह में प्रस्तुत करें, रोड़ रेस्टोरेशन का कार्य जिन गांवों में भी किया गया है, वहां रेस्टोरेशन पुनः करवाने की यदि आवश्यकता है, तो संबंधित एजेंसी से गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन कार्य करवाएं। क्रियान्वयन एजेंसी ग्रामों में कार्यों की प्रगति के लिये टीमें और संसाधन बढ़ाएं और योजना का कार्य तेजी से पूर्ण करवाएं। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में समूह जल प्रदाय योजना के तहत् जल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए जल निगम एवं संबंधित क्रियान्वयन एजेंसी को दिए। बैठक में विधायक श्री माधव सिंह मधु गहलोत, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री बीएस अचाले सहित जल निगम के अधिकारी तथा समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक में जल निगम द्वारा बताया गया कि जिले में 372 गांवों में नल जल योजना का कार्य प्रगति पर है। इनमें से 86 गांवों में हर घर नल जल से आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई है। योजना का कार्य दिसम्बर तक पूर्ण किया जाएगा। रोड़ रेस्टारेशन का कार्य भी 450 किलोमीटर में से मात्र 98 किलोमीटर शेष होकर प्रगतिरत है। बैठक में विधायक श्री मधु गहलोत ने कहा कि ग्रामीण क्षैत्रों में रोड़ रेस्टोरेशन को लेकर ग्रामीणों की काफी समस्याएं है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद कर क्रियान्वयन एजेंसी योजना का कार्य और रेस्टोरेशन कार्य करें। उन्होंने सुझाव दिया कि क्रियान्वयन एजेंसी जिस गांव में भी कार्य प्रारंभ करें, उसका एक साथ सम्पूर्ण कार्य पूर्ण कर अगले गांव में कार्य करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी गांवों में शासकीय संस्थाओं, स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्र भवनों में जल निगम की एजेंसी को नल कनेक्शन उपलब्ध करवाकर जल आपूर्ति अनिवार्य रूप से करना है। उन्होंने डीपीओ को आंगनवाड़ी केन्द्रवार नल कनेक्शन की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने तथा स्वच्छता परिसरों की नियमित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। |