रतलाम / सैलाना। आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस के शांतिपूर्ण और गरिमामय आयोजन को लेकर सैलाना विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में थाना परिसर सैलाना में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसमें सैलाना, रावटी, बाजना के प्रशासनिक अधिकारियों पुलिस अधिकारियों जनप्रतिनिधियों जयस संगठन के पदाधिकारियों सरपंचों तथा समाज के वरिष्ठजनों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 9 अगस्त को आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को आपसी भाईचारे शांति और अनुशासन के साथ संपन्न कराना रहा।
बैठक में एसडीएम सुनील जायसवाल ने कहा कि 9 अगस्त को मनाया जाने वाला विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति परंपरा इतिहास और गौरव का प्रतीक है। इसे पूरी गरिमा और शांति के साथ मनाया जाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था कानून व्यवस्था से खिलवाड़ या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसडीओपी नीलम बघेल तथा एसडीओपी सुरेंद्र सिंह गडरिया ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। अनावश्यक शराब सेवन डीजे के माध्यम से अशांति फैलाने हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी आयोजकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
बैठक में बताया गया कि 9 अगस्त को सैलाना मंडी परिसर में सहित सैलाना विधानसभा के रावटी बाजना सरवन विभिन्न ग्रामों और पंचायत स्तर पर विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम रैलियां पारंपरिक वेशभूषा और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ आयोजित किए जाएंगे।
जयस संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।
अधिकारियों ने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति जल जंगल जमीन के संरक्षण का संदेश तथा सामाजिक एकता इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। सभी कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप संपन्न होंगे तथा समाज की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में सैलाना तहसीलदार मनीष जैन रावटी तहसीलदार स्नेहलता चौहान सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया जिला अनुसूचित एवं जनजाति मोर्चा अध्यक्ष गोविंद डामोर जिला पंचायत सदस्य शरद डोडियार जिला पंचायत प्रतिनिधि चंदू मईड़ा भारतीय आदिवासी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुनील निनामा सहित अनेक सरपंच जनप्रतिनिधि जयस संगठन के पदाधिकारी और समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस उत्साह अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस और प्रशासन को दें ताकि पूरा सैलाना विधानसभा क्षेत्र इस गौरवपूर्ण पर्व का शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक आयोजन कर सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत