रतलाम / सैलाना । आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को सैलाना में पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष मुख्य जिला स्तरीय नहीं बल्कि स्थानीय मुख्य समारोह का आयोजन कृषि उपज मंडी परिसर, सैलाना में किया जाएगा। समारोह को लेकर शुक्रवार को जनपद पंचायत सभागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रशासन ने सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुनील जायसवाल ने की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध पालन करें और समारोह को यादगार बनाने में कोई कमी न छोड़ें। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों एवं भवनों पर 14 अगस्त की शाम विद्युत सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष कैलाशी चारेल, तहसीलदार मनीष जैन, जनपद पंचायत सीईओ रिया गेर, बीआरसी नरेंद्र कुमार पासी, एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी विभागों को सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, मंच व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रशासन की योजना के अनुसार 15 अगस्त की सुबह स्कूली विद्यार्थियों की भव्य प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी। राष्ट्रभक्ति के नारों और देशभक्ति गीतों के बीच प्रभात फेरी कृषि मंडी परिसर पहुंचेगी, जहां ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों का सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
बैठक समाप्त होने के बाद एसडीएम सुनील जायसवाल स्वयं कृषि मंडी परिसर पहुंचे और पूरे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि समारोह के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
प्रशासन का लक्ष्य है कि इस वर्ष सैलाना का स्वतंत्रता दिवस समारोह अनुशासन, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और जनभागीदारी के साथ आयोजित हो तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश पूरे क्षेत्र में प्रभावी रूप से पहुंचे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत