आगर : सभी विहित प्राधिकारी और जिलाधिकारी ,लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्रदाय की जाने वाली सेवाएं आवेदकों को समय सीमा में प्रदान करना सुनिश्चित करें। कोई भी आवेदन निराकरण की समय सीमा से बाहर ना जाए।
यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष आगर में जिले के अधिकारियों की परिचयात्मक प्रथम बैठक में विभागीय गतिविधियों और योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, श्रीमती देव कुंवर सोलंकी,डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय, श्री कमल मंडलोई सहित सभी जिलाधिकारी, जनपद सीईओ नगरीय निकायों के सीएमओ, सीडीपीओ, बीएमओ आदि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी 7 अगस्त से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेश में चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की पूर्व तैयारी करने के निर्देश भी सभी अधिकारियों को दिए। इस अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले शिविरों में सभी जिलाधिकारी उपस्थित होकर ग्रामीणों को योजना का लाभ दिलाएंगे और उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर करेंगे। कलेक्टर ने इस अभियान का कैलेंडर तैयार कर जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मीना ने निर्देश दिए की सभी फील्ड अधिकारी अपने सूचना तंत्र को मजबूत रखें और क्षेत्र में होने वाली हर एक गतिविधियों की सूचनाएं अधिकारियों के माध्यम से समय-समय पर प्रस्तुत करते रहे। संभावित समस्याओं का पूर्व से आंकलन कर ,उनका समय रहते निराकरण एवं सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों को विभागीय गतिविधियों, योजनाओं, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की निरंतर प्रत्येक स्तर पर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।