|
|
लोक सेवा गारंटी के तहत समय सीमा में सेवाएं प्रदान करें: कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना आगर। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने निर्देश दिए हैं कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्रदाय की जाने वाली सभी सेवाएं आवेदकों को निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी आवेदन समय सीमा से बाहर लंबित नहीं रहना चाहिए। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिले के अधिकारियों की परिचयात्मक प्रथम बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की गतिविधियों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीएम श्रीमती देव कुंवर सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय, कमल मंडलोई सहित सभी जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ, सीडीपीओ, बीएमओ एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने आगामी 7 अगस्त से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार आयोजित शिविरों में सभी जिला अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाएं तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। अभियान का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर शीघ्र जारी करने के भी निर्देश दिए गए। डॉ. मीना ने सभी फील्ड अधिकारियों से कहा कि वे अपने सूचना तंत्र को मजबूत रखें और क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की जानकारी समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाएं। संभावित समस्याओं का पूर्व आकलन कर उनका समय रहते निराकरण एवं सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों को विभागीय गतिविधियों, योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रत्येक स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए। |