|
|
आगर : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार की सबसे प्रभावी और क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक लगातार बढ़ रही है। भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में योजना की 38वीं किस्त के रूप में 1835 करोड़ रुपये अंतरित किए। इस अवसर पर भिंड जिले के लिए 322 करोड़ रुपये की लागत के 56 विकास कार्यों की सौगात भी दी गई, जिनमें चार नवीन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के साथ-साथ युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाया जाएगा। उन्होंने लाड़ली बहना योजना की आलोचना करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह योजना लाखों परिवारों में आर्थिक संबल और खुशहाली लेकर आई है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में शीघ्र ही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जाएगी, जिससे विशेष रूप से महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सुरक्षित एवं सुलभ परिवहन सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भिंड और ग्वालियर-चंबल अंचल विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि अब यह इलाका विकास, शिक्षा, उद्योग और आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए नई पहचान बना रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इसी माह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी है। इसके लिए गठित समिति द्वारा विभिन्न वर्गों से सुझाव लिए गए हैं और व्यापक विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी, गौशालाओं के विस्तार, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, उद्योगों के विकास तथा रोजगार सृजन पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में गीता भवन और ग्रामीण क्षेत्रों में वृंदावन ग्राम की संकल्पना को भी साकार किया जा रहा है। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रह्लाद सिंह पटेल, विधायक अम्बरीश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन, हितग्राहियों को लाभ वितरण, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन तथा स्व-सहायता समूहों और महिला उद्यमियों से संवाद भी किया। भिंड प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेहगांव तहसील स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ सरकार धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर के महंत श्री श्री 1008 रामदास जी महाराज से भेंट कर मंदिर परिसर का भ्रमण भी किया। |