रतलाम / शिवगढ़/बाजना। क्षेत्र में अवैध खनन और बिना रॉयल्टी गिट्टी के परिवहन को लेकर रविवार को शिवगढ़ में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। कार्रवाई में देरी और प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने शिवगढ़ थाने का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। क्षेत्र में चक्काजाम जैसे हालात बन गए हैं।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने शिवगढ़ के पास स्थित खेड़ा गांव में बिना रॉयल्टी गिट्टी से भरे अवैध डंपर परिवहन की शिकायत राजस्व विभाग और पुलिस को की। इस दौरान ट्रक क्रमांक RJ-43 H 0279 को मौके पर रोका गया। विधायक डोडियार ने बताया कि उन्होंने जिला खनिज अधिकारी को कई बार फोन लगाए लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया।
विधायक का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही डंपर मालिक ने दोपहर 2:42 बजे रॉयल्टी कटने की जानकारी दी जिससे यह प्रतीत होता है कि अवैध खनन के मामले में कार्रवाई से बचने के लिए आनन-फानन में रॉयल्टी काटी गई।
इसके बाद विधायक कमलेश्वर डोडियार ने शिवगढ़ थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि शिकायत देने के बावजूद जब कोई ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई, तो मजबूरन धरना शुरू करना पड़ा।
विधायक डोडियार ने कहा कि अवैध खनन कारोबार के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई करवाई जाएगी और यदि प्रशासन ने सख्ती नहीं दिखाई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार संघर्ष जारी रखने की बात कही।
इधर,अन्य जनप्रतिनिधि भी समर्थन में शिवगढ़ थाने पहुंच गए और थाने के भीतर ही धरने पर बैठ गए। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि डंपर को रोके जाने के बावजूद पुलिस उसे थाने तक नहीं लाई और मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
फिलहाल शिवगढ़ थाने पर धरना जारी है और मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार हलचल बनी हुई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत