|
|
डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से उगाई जा रही गांजे की फसल जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत वरदा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) को यह सफलता मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह एवं वृत्ताधिकारी सागवाड़ा रूपसिंह के नेतृत्व में वरदा थानाधिकारी रिजवान खान और डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि हिराता फला कोठारिया गांव में एक व्यक्ति अपने खेत में गांजे की अवैध खेती कर रहा है। सूचना पर पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की घेराबंदी कर तलाशी ली। जांच के दौरान खेत में गांजे के 50 छोटे-बड़े हरे पौधे पाए गए। इसके अलावा मौके से 558 ग्राम सूखा गांजा भी बरामद किया गया, जिसे सुखाने के लिए रखा गया था। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर बरामद गांजे और पौधों का कुल वजन 4 किलो 210 ग्राम पाया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खेत मालिक थावरचंद पुत्र वेसात रोत (65 वर्ष), निवासी हिराता फला कोठारिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत डूंगरपुर पुलिस लगातार नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कस रही है और मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध खेती के खिलाफ अभियान जारी है। रिपोर्ट : भरत पंड्या (डूंगरपुर) |