|
|
डूंगरपुर/बिछीवाड़ा। राजस्थान के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में जिला पुलिस की स्पेशल टीम (DST) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का अवैध सोना जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कुवैत से तस्करी कर लाए गए सोने को एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच और कस्टम अधिकारियों की नजरों से बचाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक इंडक्शन चूल्हे के अंदर बेहद शातिर तरीके से छिपा रखा था। DST टीम को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर लेहणा घाटी के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार राजपाल सिंह, प्रवेश पाटीदार और प्रदीप पाटीदार (निवासी बांसवाड़ा) से पूछताछ की गई। संदेह होने पर पुलिस आरोपियों और वाहन को बिछीवाड़ा थाने ले गई। वाहन की गहन जांच के दौरान एक बॉक्स में रखा इलेक्ट्रॉनिक इंडक्शन चूल्हा मिला। जब चूल्हे को खोलकर देखा गया तो उसके भीतर हीटिंग कॉइल जैसी आकृति में ढाला गया सोना बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करों ने सोने को पिघलाकर चूल्हे की हीटिंग कॉइल और धातु स्प्रिंग जैसी आकृति दी थी। साथ ही एक्स-रे स्कैनर की पकड़ से बचाने के लिए उस पर कार्बन की परत चढ़ाई गई थी। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तौलने पर बरामद सोने का कुल वजन 1 किलो 77.840 ग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 1 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सोना और अर्टिगा कार जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूछताछ जारी है। रिपोर्ट : भरत पंड्या, डूंगरपुर |