|
|
भीलवाड़ा : अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौर के आह्वान पर भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट के नेतृत्व में कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। महासंघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अमित व्यास ने बताया कि सरकार के संवेदनहीन रवैये के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महासंघ को विभिन्न कर्मचारी संगठनों का समर्थन प्राप्त है तथा संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से प्रदेशव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया गया। ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ माह से वेतन से कटौती होने के बावजूद निजी अस्पतालों में आरजीएचएस सुविधा ठप पड़ी हुई है, जिससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कर्मचारी एवं पेंशनर्स परेशान हैं। इसके अलावा समर्पित अवकाश का नगद भुगतान लंबित है तथा व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगें और हरियाणा मॉडल लागू करने की मांग भी लंबे समय से अधूरी है। महासंघ ने महात्मा गांधी अस्पताल में कार्यरत कंप्यूटर कर्मियों को सीएसआर में शामिल करने और मेडिकल कॉलेज नर्सिंग स्टाफ के बकाया वेतन भुगतान की मांग भी उठाई। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रतिदिन एक घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन और कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान करण सिंह, ललित जीनगर, दिनेश खटीक, विनोद सोनी, पवन सेन, मुरलीधर शर्मा, आशीष सोनी, धनराज प्रजापत, श्रीराम साहू एवं गोपाल व्यास उपस्थित रहे। रिपोर्ट : राजकुमार गोयल |