रतलाम
गौ संरक्षण और गौ सम्मान को लेकर रतलाम शहर से एक अनूठा जनजागरण अभियान शुरू हुआ है, जिसने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना लिया है। शहर के निवासी पंडित ओम प्रकाश ओझा ‘रतलामी’ ने “प्रतिदिन एक पोस्टकार्ड – गौ माता राष्ट्रमाता घोषित हो” अभियान की शुरुआत करते हुए देश के प्रधानमंत्री को लगातार पोस्टकार्ड भेजकर गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग उठाई है।
पंडित ओम प्रकाश ओझा ने बताया कि उन्होंने इस अभियान के तहत अब तक 140 पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दिए हैं और उनका लक्ष्य 201 पोस्टकार्ड स्वयं लिखकर भेजने का है। इसके बाद वे इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में “नुक्कड़ पोस्टकार्ड अभियान” चलाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस मुहिम से जुड़ सकें।
अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन भी मिलने लगा है।
इस मुहिम में प्रदीप जोशी, राहुल मकवाना, कन्हैयालाल बोड़ाना, बाबूलाल गोधा, निलेश राठौड़, नरेंद्र सोनगरा, हेमंत कुमार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और गौभक्त सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री भारत सरकार को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भी ज्ञापन एवं पत्र भेजकर मांग को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है।
इस अभियान के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी रतलाम के वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता पंडित भरत शर्मा संभालेंगे। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौ माता का विशेष स्थान रहा है, इसलिए उन्हें राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाना चाहिए।
पंडित ओम प्रकाश ओझा ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से चलाया जाएगा तथा तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती। रतलाम से शुरू हुई यह पहल अब धीरे-धीरे जनसमर्थन जुटाते हुए एक व्यापक सामाजिक अभियान का रूप लेती दिखाई दे रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत