रतलाम....
जिले के शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के तहत वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती सुरेखा माना ने आज विकासखण्ड स्रोत केन्द्र समन्वयक (बी.आर.सी.) जनपद शिक्षा केन्द्र रतलाम के पद का विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही शिक्षा विभाग में नई ऊर्जा और सकारात्मक अपेक्षाओं का माहौल दिखाई दिया।
उल्लेखनीय है कि कार्यालय जिला शिक्षा केन्द्र रतलाम द्वारा जारी आदेश क्रमांक जिशिके/स्थापना/2026/1122 दिनांक 23 मई 2026 के अनुसार, श्रीमती सुरेखा माना, उच्च माध्यमिक शिक्षक, शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम को बी.आर.सी. रतलाम का प्रभार अन्य आदेश तक अस्थायी रूप से सौंपा गया है। यह नियुक्ति कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक के अनुमोदन उपरांत की गई है।
शुक्रवार को जिला शिक्षा केन्द्र कार्यालय में आयोजित सादगीपूर्ण कार्यक्रम के दौरान श्रीमती माना ने अपना पदभार संभाला। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्रीमती सुरेखा माना ने कहा कि वे शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी। उन्होंने शिक्षकों और विभागीय अमले के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर शैक्षणिक वातावरण निर्माण की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने, विद्यार्थियों में नवाचार एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं शिक्षकों के सहयोग से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती सुरेखा माना के अनुभव, कार्यकुशलता एवं नेतृत्व क्षमता का लाभ रतलाम विकासखण्ड की शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा और उनके नेतृत्व में शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी। उनके पदभार ग्रहण करने को जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत