|
नीमच । प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को अपने अल्प प्रवास के दौरान सर्किट हाउस नीमच में जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जिले में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की स्थिति, पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन, समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारियों तथा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्या से निपटने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। इस अवसर पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुश्री अंकित पड्या, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसोदिया तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। प्रारंभ में सर्किट हाउस पहुंचने पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एसपी श्री अंकित जायसवाल सहित अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। वहीं सांसद, विधायकगण और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उनका आत्मीय स्वागत किया। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक के बाद प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया नीमच से मंदसौर के लिए रवाना हो गईं। |