रतलाम / सैलाना। आदिवासी अंचल की स्वास्थ्य सेवाओं में अब लापरवाही और अव्यवस्थाओं के लिए कोई जगह नहीं होगी। सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में डॉक्टर और कर्मचारी समय पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को बेहतर उपचार मिले, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अब अधिकारियों को गंभीरता से निभानी होगी। जिला पंचायत रतलाम के उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष केशूराम निनामा ने शुक्रवार को जनपद पंचायत सैलाना के सभागृह में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की बड़ी समन्वय बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को दो टूक संदेश दिया।
निनामा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें। आम गरीब और आदिवासी परिवार इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों पर निर्भर हैं। ऐसे में उन्हें समय पर डॉक्टर, दवाइयां और जरूरी सुविधाएं मिलना चाहिए। ट्राइबल क्षेत्र में जहां स्वास्थ्य सेवाओं की कमी है, वहां विशेष प्रयास कर व्यवस्थाएं बेहतर बनाएं। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि आप सभी मिलकर आदिवासी अंचल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएंगे और जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में स्वास्थ्य संस्थाओं की जमीनी समस्याएं भी खुलकर सामने आईं। कर्मचारियों ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर बिजली और पेयजल से जुड़ी समस्याओं से उपाध्यक्ष को अवगत कराया। निनामा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में मरीजों को परेशान नहीं होना चाहिए। स्वास्थ्य संस्थाओं का संचालन बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें।
बैठक में बीएमओ सैलाना डॉ. जितेंद्र रायक्वार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पीएचसी जनपद पंचायत सीओ सुंदर खन्ना सरवन डॉ. रवींद्र डामोर, पीएचसी शिवगढ़ डॉ. शैलेन्द्र सिंह लबाना, पीएचसी बेडदा डॉ. वंदना निंगवाल, बीपीएम धनसिंह रावत, श्रीमती रेखा गणावा सहित समस्त स्वास्थ्य कर्मचारी एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संदेश साफ है – सरकारी अस्पतालों में आने वाले गरीब और आदिवासी मरीजों को सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़े। अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल व्यवस्था चलाना नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना भी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत