राजापुरा माताजी/बाजना। संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर राजापुरा माताजी में जयस भील एकता मिशन के तत्वावधान में आयोजित वैचारिक संगोष्ठी में संविधान के मूल्यों सामाजिक न्याय और आदिवासी समाज के अधिकारों को लेकर सार्थक मंथन हुआ। राज्य के नीति निर्देशक तत्व और लोक कल्याण विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में वक्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि संविधान की सार्थकता केवल उसके प्रावधानों को पढ़ने और समझने में नहीं बल्कि उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में है।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ता प्रतापगढ़ राजस्थान के अधिवक्ता शानू हाड़ा एवं रतलाम के सामाजिक कार्यकर्ता ध्यानवीर डामर ने संविधान में निहित राज्य के नीति निर्देशक तत्वों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोक कल्याणकारी राज्य की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है जब शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार समान अवसर और सामाजिक न्याय का लाभ समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों तक पहुंचे। आदिवासी अंचलों में विकास की वास्तविक तस्वीर बदलने के लिए संवैधानिक प्रावधानों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना जरूरी है।
अधिवक्ता शानू हाड़ा ने आदिवासी क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता और निःशुल्क विधिक सहायता को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज भी अनेक लोग अपने संवैधानिक और कानूनी अधिकारों से अनजान हैं। जरूरत है कि गांव-गांव तक कानूनी जानकारी पहुंचे और जरूरतमंद व्यक्ति को बिना आर्थिक परेशानी के न्याय मिल सके। इसके लिए संगठित जनजागरूकता अभियान चलाने और लीगल एड की सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं बल्कि समानता सम्मान स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित समाज निर्माण का संकल्प है। जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को शिक्षा न्याय और विकास के समान अवसर नहीं मिलेंगे तब तक लोक कल्याण की संवैधानिक कल्पना अधूरी रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता दिनेश गरवाल ने की। संचालन जयस भील एकता मिशन की लीगल टीम से दीपिका भाभर एवं बापू निनामा ने किया। पूजा सिंगाड़ एवं दशरथ वसुनिया ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार जिला पंचायत सदस्य शरद डोडियार पूर्व जिला पंचायत सदस्य कविता भगोरा सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश माल भुरजी झोड़िया कनीराम सिंगाड़ प्रकाश हारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता युवा बुजुर्ग एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
संगोष्ठी के समापन पर उपस्थित लोगों ने संविधान के आदर्शों सामाजिक न्याय समानता और बंधुत्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने आदिवासी अंचल में संवैधानिक अधिकारों की समझ बढ़ाने और शिक्षा कानूनी जागरूकता तथा सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए सामूहिक पहल का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत