|
अपर कलेक्टर की उपस्थिति में आयोजित हुआ प्रशिक्षण,अधिनियम के प्रावधानों एवं अधिकारियों के दायित्वों की दी गई जानकारी नीमच । बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति की रोकथाम एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला पंचायत, नीमच में जिले के समस्त बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों के दायित्वों एवं अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल की जाने वाली कार्रवाई, समयबद्ध हस्तक्षेप तथा संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए सतत निगरानी एवं जनजागरूकता पर विशेष ध्यान दें। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसामान्य को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर इस सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले में बाल विवाह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय एवं सहभागिता से नीमच जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास सुनिश्चित करना रहा। |