समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारियों की समीक्षा
सभी शासकीय संस्थाएं अपने भवनों के लिए जल निगम से नल कनेक्शन करवाएं
आगर-मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष आगर में समय-सीमा पत्रों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान 3.0 की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अभियान के तहत अधिक से अधिक जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य स्वीकृत कर प्रारंभ करवाए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बाउंड्रीवॉल वाले शाला परिसरों में वीबी जी.राम जी योजना के तहत पौधारोपण एवं छोटे वाटर स्ट्रक्चर के कार्य करवाए जाएं।
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सभी कार्यालय प्रमुख ग्रामीण क्षेत्रों में अपने-अपने विभाग के भवनों में समूह जलप्रदाय योजना के माध्यम से जलापूर्ति की स्थाई व्यवस्था के लिए नल कनेक्शन अवश्य करवाएं।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वे जिले में संचालित सभी पैथोलॉजी लैब के लाइसेंस की जांच कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पैथोलॉजी बिना लाइसेंस के संचालित तो नहीं हो रही है। कलेक्टर ने कहा कि पैथोलॉजी लैब पर लैब का नाम, पैथोलॉजिस्ट का नाम, लाइसेंस क्रमांक एवं अन्य विवरण सदृश्य स्थान पर प्रदर्शित हो।
कलेक्टर डॉ. मीना ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सभी जिला अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संतुष्टि के साथ निराकरण करवाएं और अपने विभाग को "ए" ग्रेड में लेकर आएं।
कलेक्टर ने सर्वाधिक दिवस से लंबित शिकायतों, आवेदनों एवं प्रकरणों को एक सप्ताह में निराकृत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने सर्वाधिक दिवस से लंबित शिकायतों वाले 11 विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम श्री कमल मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम नारायण परमार सहित जिलाधिकारी उपस्थित थे।