|
आगर मालवा : शासन के निर्देशानुसार शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शासकीय एकीकृत विद्यालय आवर एवं आंगनबाड़ी केंद्र आवर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजित किया गया। कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शासकीय एकीकृत विद्यालय आवर के अध्यापक श्री देवी सिंह रेकवाल, वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती सावित्री परमार, सुश्री मनीषा शर्मा, सुश्री प्रीति नागर, सुश्री सोनिया यादव एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका उपस्थित थी। वन स्टॉप सेंटर द्वारा देवउठनी एकादशी के अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई। छात्राओं व महिलाओं के बीच बाल विवाह की रोकथाम एवं इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता लाने के लिए छात्राओं और महिलाओं को बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है। कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है तथा उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बाल विवाह के कारण बालिकाओं के सामने शिक्षा छूटने, कम उम्र में मातृत्व तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं जैसी अनेक चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं। *बाल विवाह न करें, न करवाएं और न ही इसमें सहयोग करें* उपस्थितजनों का आह्वान किया गया कि कि बाल विवाह न करें, न करवाएं और न ही इसमें सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में बाल विवाह की जानकारी प्राप्त होती है अथवा बाल विवाह होने की आशंका है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, जिससे समाज में व्याप्त इस कुरीति को रोका जा सके। विद्यार्थियों से अपील की गई कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिकों के सहयोग से बाल विवाह मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह न होने देने की शपथ भी दिलाई गई। |