|
आगर-मालवा । मध्य प्रदेश शासन पशुपालन विभाग के निर्देशानुसार गोवर्धन पूजन 9 नवंबर 2026, सोमवार को प्रदेश की समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजन किया जाएगा। इन आयोजनों में प्रदेश के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण सहित पंचायत एवं स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, गौपालकों एवं गौसेवा से जुड़े नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। उपसंचालक पशुपालन डॉक्टर महेश जारोलिया ने बताया किजिले की सभी गौशालाओं में गोवर्धन पूजा के दिन गौपूजन किया जाएगा तथा गाय के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक महत्व से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गौ माता के पालन पोषण और उनको उत्पादक बनाने तथा अधिक दूध उत्पादन प्राप्त करने के विषय में जागरूकता के लिए संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी जिसमें पशुपालकों को गौपालन की उन्नत विधियों एवं शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। गौशाला में टीवी स्क्रीन लगाकर माननीय मुख्यमंत्री के भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाए जाने की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे जिले के नागरिक राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ सकें। कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना के निर्देशन में इस अवसर पर जिले में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के वृंदावन ग्राम के विजेता पशुपालकों को निकट की गौशाला में आमंत्रित कर शॉल, श्रीफल एवं पुरस्कार राशि तथा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। |