|
जयपुर, इंदौर, उज्जैन और कोटा तक पहुंच रही जमुनिया के खेतों की खुशबू, कलेक्टर डॉ. मीना ने खेतों में पहुंचकर लिया फसल का जायजा; किसानों को ड्रिप सिंचाई अपनाने की सलाह आगर-मालवा। जिला प्रशासन के प्रोत्साहन और किसानों के नवाचार ने आगर विकासखंड के ग्राम जमुनिया को फूलों की खेती के नए केंद्र के रूप में पहचान दिलाई है। दीपावली के त्योहार पर गेंदे के फूलों की बढ़ती मांग ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। वर्तमान में किसानों को गेंदे के फूलों का भाव 25 से 30 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा है। खास बात यह है कि जमुनिया और आसपास के गांवों में उत्पादित गेंदा अब स्थानीय बाजारों से निकलकर जयपुर, इंदौर, उज्जैन और कोटा जैसे बड़े शहरों तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने ग्राम जमुनिया पहुंचकर प्रगतिशील किसान शंकर लाल के खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने गेंदे की फसल का जायजा लिया। इस दौरान खेत में फूलों की तुड़ाई का काम चल रहा था। कलेक्टर ने किसान से खेती, उत्पादन और बाजार में मिल रहे भाव की जानकारी ली। चर्चा के दौरान किसान ने बताया कि गांव के कई किसानों ने गेंदे की खेती को अपनाया है, जिसके चलते इस वर्ष क्षेत्र में गेंदे की खेती का रकबा और उत्पादन दोनों बढ़े हैं। नवरात्रि के बाद अधिक आवक के कारण बाजार में फूलों के भाव कमजोर रहे, लेकिन दीपावली नजदीक आते ही मांग में तेजी आई और किसानों को अब बेहतर दाम मिलने लगे हैं। पानी की समस्या का ड्रिप सिंचाई से निकलेगा समाधान निरीक्षण के दौरान किसान ने सिंचाई के लिए पानी की समस्या से भी कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर डॉ. मीना ने जल संरक्षण और पानी के बेहतर उपयोग के लिए किसानों को ड्रिप यानी टपक सिंचाई पद्धति अपनाने की सलाह दी। कलेक्टर के निर्देश पर उद्यानिकी विभाग के वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी अशोक झंकारे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किसान शंकर लाल सहित एक अन्य किसान का ड्रिप सिंचाई योजना के तहत अनुदान के लिए मौके पर ही ऑनलाइन पंजीयन कराया। साथ ही उपस्थित किसानों को उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। दीपावली के बाजार में बढ़ी मांग और महानगरों तक पहुंचती उपज ने जमुनिया के किसानों के लिए फूलों की खेती को आय का बेहतर जरिया बना दिया है। अब ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीक अपनाकर किसान कम पानी में अधिक उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। |