|
कुकड़ेश्वर पुलिस का अवैध शराब के अड्डों पर बड़ा प्रहार, 2500 लीटर महुआ लहान और 8 भट्टियां नष्ट नीमच। अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत कुकड़ेश्वर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2500 लीटर महुआ लहान नष्ट किया। साथ ही जंगल में संचालित अवैध हाथ भट्टी की कच्ची शराब बनाने वाली 8 भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। इसमें थाना कुकड़ेश्वर, मनासा और रामपुरा पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। जानकारी के अनुसार 4 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर उपनिरीक्षक मंगलसिंह राठौर पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ी आंत्री एवं आसपास के इलाकों में पहुंचे। यहां हाथ भट्टी से कच्ची शराब बनाने के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान करीब 2500 लीटर महुआ लहान मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा जंगल में संचालित 8 अवैध शराब की भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर उपनिरीक्षक मंगलसिंह राठौर एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक हिमांशु चौहान एवं उनकी टीम तथा थाना प्रभारी रामपुरा निरीक्षक निलेश सोलंकी एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई को अवैध शराब निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। |