|
|
प्रतापगढ़, 26 अक्टूबर। प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक श्री विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अरनोद थाना पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के तीन अलग-अलग मामलों में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शांतिभंग के मामलों में दो हिस्ट्रीशीटरों को भी गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयदेव सियाग एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त अरनोद श्री चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक श्री शिवलाल मीणा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 29 दिसंबर 2022 को एनसीबी जोधपुर की जोनल यूनिट ने बांसवाड़ा थाना क्षेत्र में शंभूलाल मीणा और उसके साथियों के कब्जे से 2 किलो 64 ग्राम हेरोइन जब्त की थी। अनुसंधान में देवल्दी निवासी ईनायत खान पुत्र शेरउल्ला खान की कथित संलिप्तता सामने आई थी। उसकी तलाश के लिए अरनोद पुलिस को सूचना दी गई थी।
एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ईनायत खान के देवल्दी स्थित फार्म हाउस पर दबिश दी। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपना नाम अशोक डांगी, निवासी पडुनी बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान वह खेत की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। बाद में उसकी पहचान ईनायत खान के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने सिर पर केसरिया गमछा बांध रखा था तथा दाढ़ी-मूंछ का हुलिया भी बदल लिया था। पुलिस ने उसे डिटेन कर एनसीबी जोधपुर को सूचना दी।
दूसरी कार्रवाई में उज्जैन जिले के नागदा थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण क्रमांक 55/2025, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में वांछित शाहरुख खान पुत्र दिलावर खान, निवासी देवल्दी को अरनोद पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना नागदा पुलिस को दी गई। पुलिस के अनुसार, शाहरुख खान थाना क्षेत्र का हार्डकोर अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर है।
तीसरे मामले में 6 मई 2026 को कोटड़ी थाना पुलिस ने विकास पुत्र वागजी मीणा, निवासी भैंसों की नाल, थाना सालमगढ़ के कब्जे से पांच किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की थी। मामले के अनुसंधान में माणकलाल मीणा और मंदसौर की इंद्रा कॉलोनी झुग्गी-झोपड़ी निवासी नाहर खान पुत्र मोहम्मद खान की संलिप्तता सामने आई। मोटरसाइकिल मालिक माणकलाल को पहले गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस के अनुसार, मामले में वांछित नाहर खान को आसूचना के आधार पर मंदसौर से गिरफ्तार किया गया।
इसके अतिरिक्त शांतिभंग के मामलों में देवल्दी निवासी हिस्ट्रीशीटर अजब खान पुत्र अमीरगुल तथा नूर अफजल खान पुत्र मीरबादशाह खान को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: थानाधिकारी श्री शिवलाल मीणा, उप निरीक्षक श्री महेन्द्रसिंह, सहायक उप निरीक्षक श्री प्रेमलाल, श्री ओमप्रकाश, श्री प्रभुलाल एवं श्री दिलीप कुमार सहित हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल श्रीमती ममता समेत अरनोद थाना पुलिस की टीम शामिल रही।
पुलिस की इस कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में वांछित आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई।
INTERNATIONAL SSE NEWS CHANNEL
हर खबर सबसे पहले | सच्ची खबर – सच्चाई के साथ
रिपोर्टर – जसपाल टेलर, प्रदेश मीडिया प्रभारी, मन्दसौर, मध्यप्रदेश
Instagram: @jaspal_tailor_sse_news_mp_14_
संपर्क: 6264817382