रतलाम। जिले के युवाओं के लिए प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। श्री योगीन्द्र सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (SYSITS), रतलाम में पहली बार देश की प्रमुख कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) द्वारा ओपन कैंपस रिक्रूटमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को महू-नीमच रोड स्थित ग्राम धराड़ के कॉलेज परिसर में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक भर्ती प्रक्रिया आयोजित होगी। इस पहल से रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों के पात्र युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनी में करियर शुरू करने का अवसर मिलेगा।
BPS पद के लिए होगी भर्ती
TCS द्वारा यह भर्ती अभियान बिजनेस प्रोसेस सर्विसेज (BPS) पदों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य योग्य अभ्यर्थियों को कॉर्पोरेट क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे युवा जो अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर किसी प्रतिष्ठित कंपनी में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह भर्ती अभियान महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
संस्थान के डायरेक्टर डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उद्योग जगत की प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी योग्यता के अनुरूप करियर बनाने का अवसर मिलता है।
संस्थान के वाइस चेयरमैन उमेश शर्मा ने इस पहल को क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इन पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के कोऑर्डिनेटर प्रो. बलविंदर सिंह गुरदत्ता के अनुसार, भर्ती अभियान में निर्धारित शैक्षणिक पूरी करने वाले अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे।
इसके अंतर्गत BBA, B.Com, BA, BBM, BMS, BAF और BBI पाठ्यक्रमों के वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थी पात्र होंगे। वहीं, B.Sc. के वर्ष 2024 एवं 2025 के उत्तीर्ण विद्यार्थी, कंप्यूटर साइंस एवं आईटी को छोड़कर, भाग ले सकेंगे। इसके अतिरिक्त M.A. और M.Com के वर्ष 2025 एवं 2026 के उत्तीर्ण विद्यार्थी भी कंपनी के निर्धारित पात्रता मानदंडों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी, युवाओं से भाग लेने की अपील
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को भर्ती अभियान में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके लिए निर्धारित लिंक जारी किया गया है।
रजिस्ट्रेशन लिंक: https://forms.gle/fUpgQCDgs8ovHW7v9
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी संस्थान द्वारा जारी आधिकारिक पोस्टर में दिए गए विवरण एवं क्यूआर कोड का उपयोग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे पंजीकरण करने से पहले अपनी पात्रता और कंपनी के निर्धारित दिशा-निर्देशों की जांच कर लें।
प्रो. बलविंदर सिंह गुरदत्ता ने पात्र विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण कर भर्ती अभियान में भाग लेने की अपील की है।
रतलाम में पहली बार TCS के ओपन कैंपस भर्ती अभियान का आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में अहम पहल है। इससे जिले के ऐसे विद्यार्थियों को लाभ मिल सकता है, जो अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी की तलाश कर रहे हैं और अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत