|
गरोठ, मंदसौर। मंदसौर जिले की गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 220 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मारुति पिकअप वाहन में प्लास्टिक की खाली कैरेट के नीचे काले रंग के कट्टों में डोडाचूरा छिपाकर ले जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप में खाली प्लास्टिक कैरेट के नीचे डोडाचूरा छिपाकर पिपलिया जत्ती की ओर से गरोठ होते हुए आठ लेन की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 11 काले प्लास्टिक के कट्टों में कुल 220 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन सहित सामग्री जब्त पुलिस ने मामले में सुरेंद्र सिंह (26) और रामशरण (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, दोनों वर्तमान में पंजाब में निवासरत हैं, जबकि उनके मूल निवास उत्तर प्रदेश बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 220 किलोग्राम डोडाचूरा के अलावा तस्करी में प्रयुक्त मारुति पिकअप वाहन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 40 खाली प्लास्टिक कैरेट भी जब्त किए हैं। 14.64 लाख रुपये की सामग्री जब्त पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य इस प्रकार है— - 220 किलोग्राम डोडाचूरा — 4.40 लाख रुपये - मारुति पिकअप वाहन — 10 लाख रुपये - दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन — 20 हजार रुपये - 40 खाली प्लास्टिक कैरेट — 4 हजार रुपये इस प्रकार जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 14 लाख 64 हजार रुपये बताई गई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 423/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका यह कार्रवाई मंदसौर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्री राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इसमें सहायक उपनिरीक्षक बलवान सिंह देवड़ा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गरोठ से विनोद धाकड़ की रिपोर्ट |